बर्फीले पानी में कूदे रोनाल्डो
पुर्तगाल के महान फुटबॉलर इन दिनों क्रिसमस की छुट्टियां मनाने के लिए पूरे परिवार के साथ लैपलैंड (फिनलैंड) गए हैं। उन्होंने अपने एक्स हैंडल से एक खास वीडियो साझा किया जिसमें उन्हें बर्फीले पानी में डुबकी लगाते देखा जा सकता है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि उनकी चारों ओर बर्फ ही बर्फ है। कंप-कंपा देने वाली ठंड के बावजूद वह बर्फीले पानी में उतर गए। फैंस को उनका यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है। दिग्गज ने पूरा वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया।
परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे रोनाल्डो
यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो में 39 वर्षीय रोनाल्डो अपने परिवार के साथ क्रिसमस का जश्न मनाते दिख रहे हैं। इनमें उनकी पत्नी जॉर्जिना रोड्रिग्ज और उनके बच्चे शामिल हैं। वीडियो में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, मेरे लिए यह एक बहुत ही खास समय है क्योंकि यह ऐसा समय है जो आमतौर पर हमारे पास नहीं होता।
इस तरह मनाया जश्न
10 मिनट के इस वीडियो में रोनाल्डो ने अपने क्रिसमस सेलिब्रेशन की झलकियां दिखाईं। लैपलैंड में उनकी मुलाकात सांता क्लॉज से भी हुई, जिसने फुटबॉलर और उनके पूरे परिवार के साथ क्रिसमस मनाया। वीडियो के अंत में फुटबॉलर ने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि आगामी वर्ष उनके लिए पेशेवर और व्यक्तिगत दोनों स्तरों पर 2024 जितना शानदार होगा। रोनाल्डो ने कहा- स्पष्ट रूप से मैं 2025 में इस वर्ष के समान या यदि संभव हो तो बेहतर वर्ष की आशा करता हूं…परिवार, दोस्तों और पेशेवर स्तर पर।