ग्रीन पार्क स्टेडियम में कूच बिहार ट्रॉफी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के कार्तिक त्यागी (4/52) और पूर्णांक त्यागी (3/39) की धारदार गेंदबाजी के चलते छत्तीसगढ़ की टीम पहले ही दिन 149 रनों पर ढेर हो गई। छत्तीसगढ़ टीम के तीन खिलाड़ी तो खाता ही नहीं खोल पाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक यूपी की टीम बगैर किसी नुकसान के 27 रन बना चुकी है।
कूच बिहार ट्रॉफी का पहला मैच कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में सोमवार से शुरू हुआ। यूपी ने टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ की टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। यूपी के तेज गेंदबाज पूर्णांक ने 3.3 ओवर में अपने पहले शिकार के रूप में आयुष पांडेय को जीरो पर चलता किया। ठीक दूसरी गेंद में वेद व्यास को भी शून्य पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने जी सत्या विकास को महज एक रन पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। धड़ाधड़ तीन विकेट गिरने के बाद छत्तीसगढ़ की टीम दबाव में आ गई। संभलकर खेल रहे एजी राव को पूर्णांक ने 11 रन पर आउट कर दिया। इसके बाद 39 रन पर खेल रहे आरवी शर्मा कार्तिक त्यागी का शिकार हो गए। कुनाल यादव ने विजय यादव को 21 रन पर और अक्षय सेन ने शाश्वत मिश्रा को 6 रन पर चलता किया। उमंग सोनी के 25 रन और ए सामाद के 28 रनों की बदौलत छत्तीसगढ़ की टीम 149 रनों पर ढेर हो गई। इसके बाद यूपी के ओपनर बल्लेबाज अंचित यादव और आर्यन शर्मा ने सधी बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 27 पर पहुंचाया। अभी तीन दिन का खेल बाकी है।
दो बल्लेबाजों को लगी गेंद
23वां ओवर फेंक रहे कुनाल की बॉल छत्तीसगढ़ के बल्लेबाज विजय यादव के सीने पर जा लगी। इसके चलते कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा। इसके बाद 37वां ओवर फेंक रहे यूपी के कार्तिक त्यागी की गेंद पर शॉट लगाने के लिए रिषी शर्मा जैसे ही घुटने के बल बैठे गेंद उनके सीने पर जा लगी। इस वजह से भी खेल दो-तीन मिनट के लिए रोकना पड़ा।
छत्तीसगढ़ टीम का प्रदर्शन
खिलाड़ी रन बॉल
आयुष पांडेय 0 14
आरवी शर्मा 39 106
वेद व्यास साहू 0 2
जी सत्या विकास 1 7
एजी राव 11 18
विजय यादव 21 92
उमंग सोनी 25 68
शाश्वत मिश्रा 6 25
ए सामाद 28 51
प्रवेश धर (नाबाद) 6 5
आरटी टंक 0 9
यूपी टीम का प्रदर्शन
खिलाड़ी ओवर मेडन रन विकेट
कर्तिक त्यागी 21.3 5 52 4
पुर्णांक त्यागी 15 2 39 3
कुनाल यादव 13 3 23 1
अक्षय सेन 12 2 21 2
समीर चौधरी 4 1 6 0