सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी
- फोटो : सोशल मीडिया
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने बैडमिंटन में छठा पदक जीत लिया है। पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। देश को पहली बार पुरुष युगल में स्वर्ण मिला है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने इंग्लैंड के बेन लेन और सीन वेंडी की जोड़ी को 21-15, 21-13 से हराया।
सात्विक और चिराग ने मैच में आक्रामक शुरुआत की। दोनों ने इंग्लैंड की जोड़ी को कोई मौका नहीं दिया। सात्विक और चिराग ने पहला गेम आसानी से 21-15 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में बेन लेन और सीन वेंडी की जोड़ी ने वापसी की और शानदार शुरुआत किया। भारतीय जोड़ी कुछ देर के लिए दबाव में दिखी, लेकिन चिराग और सात्विक ने बेहतरीन वापसी की। दोनों ने दूसरे गेम को 21-13 से अपने नाम कर लिया।
भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पीवी सिंधु महिला एकल और लक्ष्य सेन पुरुष एकल में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी देश को स्वर्ण मिला है। महिला युगल में त्रिषा जौली और गायत्री गोपीचंद को कांस्य पदक मिला। वहीं, पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत भी कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। अब चिराग और सात्विक ने पदक जीतकर बैडमिंटन में इसकी संख्या को छह तक पहुंचा दिया।