पहलवान चिराग चिकारा ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। चिराग तीसरे भारतीय जो इस टूर्नामेंट के चैंपियन बनकर उभरे हैं। भारत ने इस तरह कुल नौ पदकों के साथ इस आयु वर्ग के टूर्नामेंट में अपना अभियान समाप्त किया।
चिराग पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश कर रहे हैं और उन्होंने किर्गिस्तान के अब्दिमलिक काराचोव को करीबी फाइनल मुकाबले में 4-3 के अंतर से हराया। चिराग पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत के बाद दूसरे भारतीय पुरुष पहलवान हैं जिन्होंने अंडर-23 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।
सहरावत ने 2022 में इस प्रतियोगिता के इसी वजन वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि रीतिका हुडा पिछले साल 76 किग्रा वर्ग में जीत दर्ज करके टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। रवि कुमार दहिया ने 2018 में अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
चिराग ने फाइनल में पहुंचने से पहले प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में गौकोटो ओजावा को 6-1 से, अंतिम आठ चरण में इयुनुस इवबातीरोव को 12-2 से और सेमीफाइनल में एलन ओरलबेक को 8-0 से हराया। पुरुषों की फ्रीस्टाइल श्रेणी में भारत के पदकों में दो कांस्य पदक भी शामिल हैं। इससे वह 82 अंक लेकर टीम तालिका में ईरान (158), जापान (102) और अजरबैजान (100) से पीछे चौथे स्थान पर है। भारत ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल में दो और कांस्य पदक जीते, जिससे इस वर्ग में देश के पदकों की संख्या चार हो गई।
विक्की ने पुरुषों की 97 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा में अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और यूक्रेन के यूरोपीय जूनियर चैंपियन इवान प्राइमाचेंको को 7-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। विक्की ने पहले दौर में जॉर्जिया के मेरब सुलेमानिश्विली को और क्वार्टरफाइनल में मोल्दोवा के राडू लेफ्टर को हराया था लेकिन सेमीफाइनल में वह ईरान के महदी हाजीलोइयन मोराफा से हार गए थे। पुरुषों की 70 किग्रा फ्रीस्टाइल में सुजीत कलकल ने 0-4 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए ताजिकिस्तान के मुस्तफो अखमेदोव को 13-4 से हराकर कांस्य पदक जीता। सुजीत ने पहले दौर में जॉर्जी एंटोनोव ज़िज़गोव को 10-0 से, प्री-क्वार्टर में तुग्सजर्गल एर्डेनेबैट को 7-4 से और क्वार्टर फाइनल में नारेक पोहोसियन को 6-1 से हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में वह मैगोमेद बसिहर खानिएव से 4-8 से हार गए थे।