फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chennai Grand Masters: अर्जुन एरिगैसी ने विश्व चैंपियन डी गुकेश को दी मात, संयुक्त बढ़त पर पहुंचे

Mon, 20 Jul 2026 10:05 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अर्जुन एरिगैसी ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के पांचवें दौर में विश्व चैंपियन डी गुकेश को काले मोहरों से हराकर संयुक्त बढ़त हासिल कर ली। वहीं, नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भी जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ को और रोमांचक बना दिया।
विज्ञापन
अर्जुन एरिगैसी - फोटो : @ArjunErigaisi
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 के पांचवें दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को काले मोहरों से हराकर अंक तालिका में संयुक्त बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के साथ एरिगैसी के 3.5 अंक हो गए हैं और वह फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। 
विज्ञापन


टूर्नामेंट में अब केवल दो दौर शेष हैं, ऐसे में खिताबी मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। उजबेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भी काले मोहरों से जीत दर्ज कर खिताब की दौड़ में खुद को बनाए रखा है। उनके तीन अंक हैं और वह शीर्ष खिलाड़ियों से केवल आधा अंक पीछे हैं। चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के चौथे संस्करण में आठ ग्रैंडमास्टर्स राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबला कर रहे हैं। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये है और इसमें खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण फिडे सर्किट अंक भी मिल रहे हैं।

एरिगैसी ने गुकेश की गलतियों का उठाया पूरा फायदा
अर्जुन एरिगैसी और डी. गुकेश के बीच हुए मुकाबले की शुरुआत तमिलनाडु के युवा शतरंज खिलाड़ी जेशुआ जे. के औपचारिक उद्घाटन चाल से हुई। जेशुआ सबसे कम उम्र में एरीना फिडे मास्टर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। मुकाबले में एरिगैसी ने काले मोहरों से बेहद संयमित खेल दिखाया। मध्य खेल (मिडिल गेम) में गुकेश की कुछ गलत चालों का उन्होंने पूरा फायदा उठाया और धीरे-धीरे मैच पर नियंत्रण बना लिया। जब यह साफ हो गया कि एरिगैसी का 'डी' फाइल का प्यादा क्वीन बनने जा रहा है, तब विश्व चैंपियन गुकेश ने 63वीं चाल पर हार स्वीकार कर ली।

अब्दुसत्तोरोव की दमदार जीत
एक अन्य मुकाबले में नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन के खिलाफ काले मोहरों से आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और अंततः 38 चालों के बाद निहाल को हार माननी पड़ी।

फिरोजा और आंद्रेइकिन के बीच ड्रॉ
फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा और रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन के बीच मुकाबला 41 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस परिणाम के बावजूद फिरोजा 3.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त बनाए हुए हैं।

पांचवें दौर के परिणाम
  • जीएम एम. प्राणेश (2) ने जीएम हैंस नीमन (2) से ड्रॉ खेला।
  • जीएम डी गुकेश (1.5) को जीएम अर्जुन एरिगैसी (3.5) ने हराया।
  • जीएम निहाल सरीन (2) को जीएम नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (3) ने हराया।
  • जीएम अलीरेजा फिरोजा (3.5) और जीएम दिमित्री आंद्रेइकिन (2.5) के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
विज्ञापन

छठे दौर के मुकाबले (21 जुलाई, दोपहर 3:00 बजे)
  • हैंस नीमन बनाम दिमित्री आंद्रेइकिन
  • नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव बनाम अलीरेजा फिरोजा
  • एम. प्राणेश बनाम डी गुकेश
  • अर्जुन एरिगैसी बनाम निहाल सरीन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें