भारत के एचएस प्रणय गुरुवार को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। प्रणय को बैंकॉक में ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में हार मिली। उन्हें चीन के लू गुआंग जू ने तीन गेम तक चले मैच में परास्त किया। केरल के 30 वर्षीय खिलाड़ी को लू गुआंग जू ने इस वर्ष फ्रेंच ओपन में भी हराया था। उन्होंने इस बार शानदार खेल दिखाया, लेकिन 21-23 21-17 19-21 से हार गए।
एचएस प्रणय और लू गुआंग जू के बीच 84 मिनट तक यह मुकाबला चला। प्रणय इससे पहले अपने पहले मुकाबले में जापान के कोडाई नारोका के खिलाफ हार गए थे। लगातार दो मैच में हार के बाद उनका सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया।
विश्व में 12वें नंबर के इस भारतीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला शुक्रवार को विश्व रैंकिंग में नंबर एक और ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसन से होगा। एकतरफा मुकाबले में नारोका को 21-5 21-15 से हराकर एक्सेलसन ग्रुप में शीर्ष पर रहे। डेनमार्क के इस खिलाड़ी ने बुधवार को लू गुआंग जू को सीधे गेम में हराया था।