विश्व रैंकिंग में भारत के नंबर एक गोल्फर गगनजीत भुल्लर 11 से 16 फरवरी तक होने वाले लुई फिलिप कप में जेपी ग्रींस टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस टीम में शामिल दो अन्य खिलाड़ी विजय कुमार और संजय कुमार हैं। जेपी ग्रीन के ब्रांड एंबेसडर बने 24 वर्षीय भुल्लर ने कहा कि इस साल उनका लक्ष्य शीर्ष 50 में जगह बनाना है।
भुल्लर ने कहा, ‘मैंने साल 2012 की शुरुआत भी लुई फिलिप कप से की थी और उस दौरान मेरी रैंकिंग 450 थी। लेकिन मैंने अच्छा प्रदर्शन किया और साल के अंत तक मैं 88वें नंबर पर पहुंच गया। यह साल मेरे लिए काफी अच्छा रहा था। इस साल मेरा लक्ष्य शीर्ष 50 में जगह बनाना है ताकि मैं पीजीए टूर्नामेंट खेल सकूं।
अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मुझे अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखनी होगी। पिछले अक्तूबर-नवंबर में मैंने छह टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था जिनमें मैं शीर्ष दस में रहा था। इसी प्रदर्शन के कारण मेरी रैंकिंग में इतना उछाल आया है। यदि मैं इस साल जुलाई तक टॉप 100 में बना रहता हूं तो मैं पीजीए चैंपियनशिप में खेल सकता हूं। इस साल मेरी प्राथमिकता यूरोपियन टूर में ज्यादा से ज्यादा खेलने पर होगी’