मेजबान बंगलूरू बुल्स ने सोमवार को प्रो कबड्डी लीग मुकाबले में तेलुगु टाइटंस को 27-26 से हरा दिया। इस जीत से बुल्स को पांच अंक मिले और तालिका में उसके 42 अंक हो गए। हालांकि उसे अब भी सेमीफाइनल के क्वालीफाई करना बाकी है। सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने के लिए उसे अब भी दो अंक की दरकार है। अब उन्हें तालिका में शीर्ष पर चले रहे जयपुर पिंक पैंथर्स को हराना होगा, जो बुल्स से नौ अंक आगे हैं।
मैच में दोनों ही टीमों ने धीमी शुरुआत की। हालांकि पहले हाफ में बुल्स ने आलराउंड खेल का नजारा पेश किया जबकि दूसरे हाफ में टाइटंस ने शानदार वापसी की लेकिन जीत बुल्स के हाथ लगी। बुल्स के अजय ठाकुर और मनहित चिल्लार ने क्रमश: पांच और तीन रेड अंक अर्जित किए जबकि धरमराज चेरालथान ने दो अंक और दीपक कुमार ने एक अहम अंक हासिल किए। टाइंटस के लिए सुकेश हेगड़े ने आठ अंक हासिल किए।