ग्लास्गो में आयोजित वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला एकल के सेमीफाइनल में दो भारतीय महिलाएं पहुंची थीं। ऐसे में लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल को जापान की ओकुहारा के सामने हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद ओकुहारा ने ही फाइनल में भारत की पीवी सिंधू को रोमांचक मुकाबले में मात देकर उनका गोल्ड मेडल जीतने का सपना तोड़ दिया। पांच महीने पहले साइना ने ओकुहारा को ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में मात दी थी।
सायना के कोच विमल कुमार ने कहा, पर्याप्त आराम न मिलने का असर भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल के सेमी फाइनल प्रदर्शन पर पड़ा। पूर्व खिलाड़ी और जाने-माने कोच विमल कुमार ने कहा है कि ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप जैसी बड़ी स्पर्धाओं में मैचों का निर्धारण टीवी प्रसारण की सहूलियत को देखकर नहीं बनाया जाना चाहिए।
भारत को ओलंपिक में पहला पदक दिलाने वाली साइना पिछली बार विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचकर रजत पदक जीतने में सफल रहीं थी। घुटने की चोट से उबरकर वापसी करने वालीं भारतीय स्टार को ग्लासगो में हुई विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जापान की नोजूमी ओकुहारा से पराजय के बाद इस बार कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। कोच विमल कुमार ने साइना की हार की वजह मैचों के आयोजन के खराब कार्यक्रम को ठहराया है।
ग्लासगो से हुई बातचीत में भारत के पूर्व चीफ कोच विमल कुमार ने कहा कि कार्यक्रम टीवी शेड्यूलिंग के हिसाब से तय नहीं होने चाहिएं। इसके लिए तकनीकी अधिकारी जिम्मेदार हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी खिलाड़ी को मैच से पहले पर्याप्त आराम मिले। यह एक बड़ा मुद्दा है और इसे अधिकारियों के समक्ष उठाए जाने की जरूरत है।