शीर्ष भारतीय शटलर साइना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत को गुरूवार को यहां थाईलैंड ओपन के अपने मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा जबकि बी साई प्रणीत ने पुरूष एकल स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।
साइना को जापान की गैर वरीय सयाका ताकाहाशी से हार का सामना करना पड़ा जबकि श्रीकांत को स्थानीय खिलाड़ी खोसित फेतप्रदब ने मात दी।
इससे सातवीं वरीय साइना का कोर्ट पर वापसी का सफर बहुत जल्दी समाप्त हो गया जिन्होंने करीब दो महीने बाद वापसी की थी। वह बढ़त का फायदा उठाने में सफल नहीं रहीं और 48 मिनट तक चले दूसरे दौर के मुकाबले में ताकाहाशी से 21-16, 11-21, 14-21 से पराजित हो गईं।
ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु की अनुपस्थिति में साइना के हारने से भारत का इस टूर्नमेंट के महिला एकल में अभियान समाप्त हो गया। साइना ने चोट के कारण इंडोनेशिया ओपन और पिछले हफ्ते जापान से हटने का फैसला किया था।
श्रीकांत को खोसित के खिलाफ 21-11, 16-21, 12-21 से हार झेलनी पड़ी। उन्होंने पहला गेम आसानी से जीता लेकिन अगले दोनों गेम में वह कुछ खास नहीं कर सके और हारकर बाहर हो गए।
पिछले हफ्ते जापान ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे साई प्रणीत ने अपनी अच्छी फार्म जारी रखते हुए हमवतन शुभंकर डे पर 21-18 21-19 से आसान जीत दर्ज की और अंतिम आठ में जगह सुनिश्चित की। अब साई प्रणीत का सामना अगले दौर में जापान के सातवें वरीय कांता सुनेयामा से होगा।
भारत के लिए पुरुष युगल स्पर्धा में अच्छी खबर रही जिसमें सत्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने फजर अलफियां और मोहम्मद रियान आर्दियांतो की इंडोनेशियाई जोड़ी पर सीधे गेम में 21-17, 21-19 से जीत हासिल की। भारतीय जोड़ी का सामना अब शुक्रवार को कोरिया के चोई सोलग्यू और सियो सेयूंग जाए की क्वॉलिफायर जोड़ी से होगा।