कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता साइना नेहवाल और ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीय किदांबी श्रीकांत और दुनिया के नंबर दस खिलाड़ी एचएस प्रणय भी अंतिम आठ खिलाड़ियों में प्रवेश कर गए हैं।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना को चीन की गाओ फांग्जी को 21-18, 21-8 से हराने में 40 मिनट लगे। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना का मुकाबला अब कोरिया की गैरवरीय ली जैंग मी से होगा जिन्होंने थाईलैंड की पूर्व विश्व चैंपियन रतचानोक इंतानोन को हराया। गोल्डकोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वालीं तीसरी वरीय सिंधू ने चीन की ही चेन जियाओजिन को 21-12, 21-15 से हराया। अंतिम आठ में उनका सामना सातवीं वरीय कोरिया की सुंग जी हयून या थाईलैंड की बुसानन के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।
श्रीकांत और प्रणय भी अंतिम 8 में पहुंचे
इस महीने एक हफ्ते के लिए दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रहे किदांबी श्रीकांत को पसीना नहीं बहाना पड़ा। उनके प्रतिद्वंद्वी हांगकांग के वोंग विंग की विन्सेंट पहले गेम में 2-7 के स्कोर पर ही मैच से हट गए थे। अब श्रीकांत की टक्कर शुक्रवार को तीन बार के ओलंपिक रजत पदक विजेता ली चोंग वेई से होगी। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले प्रणय ने एक गेम से पिछड़ने के बाद ताइपे के वोंग जू वेई को 16-21, 21-14, 21-12 से हराया। सिंगापुर ओपन चैंपियन बी साई प्रणीत ओलंपिक चैंपियन चेन लोंग से 12-21, 12-21 से हार गए। अर्जुन एम आर और रामचंद्र श्लोक की जोड़ी को चीन के ली जुनहुई और लियू युचेन से 11-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा ।