भारत की बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल के पिता की खेल गांव में एंट्री पर विवाद अब थम गया है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि साइना के पिता अब अपनी बेटी के मैच यहां देख सकेंगे। सोशल मीडिया पर साइना की नाराजगी के बाद इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन उनके पिता की एंट्री को लेकर राजी हो गया। मामला सुलझने के बाद साइना ने खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राजीव मेहता और आईओए को शुक्रिया कहा।
गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल की मजबूत दावेदार साइना नेहवाल के पिता को खेल गांव में एंट्री नहीं मिली थी, जिसके बाद शटलर बहुत मायूस हो गई थीं और उन्होंने अपना दुख सोशल मीडिया पर बयां किया। उन्होंने एक के बाद एक लगातार तीन ट्वीट किए और पूरा खर्च देने के बाद बावजूद अपने पिता का नाम लिस्ट में नहीं होने पर दुख बयां किया।
स्टार शटलर ने अपने पहले ट्वीट में लिखा, 'यह देखकर आश्चर्यचकित हूं कि जब हमने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 के लिए भारत से शुरुआत की तो मेरे पिता का नाम टीम ऑफिशियल के रूप में पुष्टि की गई थी और मैंने इसका पूरा खर्च भी दिया था। मगर खेल गांव पहुंचने के बाद पता चला कि उनका नाम टीम अधिकारियों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया। वह मेरे साथ रुक भी नहीं सकते।'