राष्ट्रमंडल खेलों और एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली साइना नेहवाल बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) की ताजा रैंकिंग में फिर से शीर्ष दस में शुमार हो गई हैं।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना दो स्थान की छलांग लगाकर दसवें नंबर पर आ गई हैं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में साइना से मात खाकर रजत जीतने वाली
पीवी सिंधु तीसरे स्थान पर कायम हैं। चीनी ताइपे की तेई जू यिंग फिर से दुनिया की नंबर एक महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
जापान की अकाने यामागुची एक स्थान नीचे दूसरे स्थान पर खिसक गईं। पुरुषों में किदंबी श्रीकांत भी दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। एशियन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले एचएस प्रणय भी दो स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ आठवीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
बी साई प्रणीत 18वें, समीर वर्मा 26वें और पी कश्यप 37वें स्थान पर हैं। पुरुष युगल में सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी 18वें स्थान पर हैं। अन्य भारतीयों में कोई भी शीर्ष 20 में शामिल नहीं हैं।