भारतीय शटलर बी साई प्रणीत ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पहले दौर में दो बार के ओलंपिक रजत पदक विजेता और पूर्व वर्ल्ड नंबर वन मलेशिया के ली चोंग वेई को हराकर अपने कैरियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।
पुरुषों की एकल स्पर्धा के पहले दौर में प्रणीत ने तीन बार के चैंपियन और दूसरी सीड वेई को 24-22, 22-20 से पराजित कर बड़ा उलटफेर किया। अगले दौर में प्रणीत का सामना डेनमार्क के हंस-क्रिस्टियन वीटींघस से होगा जिनकी वर्ल्ड रैंकिंग 26वीं है।
इसके अलावा वर्ल्ड नंबर दो साइना ने कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन कनाडा की मिशेल ली को 21-17, 21-12 से शिकस्त देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। अगले दौर में साइना का सामना थाईलैंड की बुसनानन ऑंगबमरुंग्फन से होगा।
वर्ल्ड के 10वीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता इंग्लैंड के राजीव ओसेफ को 21-17, 21-12 से मात दी। श्रीकांत अगले दौर में चौथी सीड जापान के केंटो मोमोता से भिड़ेंगे।
युवा समीर वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग के कोंग्स हु यून को 21-10, 21-14 से हराया। दूसरे दौर में समीर का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त चीन के तियान होउवेई से होगा।
सिंधू ने किया निराश
वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं पीवी सिंधू पहले ही दौर में हारकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। सिंधू को थाईलैंड की पोर्नंटिप बुरांप्रासेरटसुक ने 18-21, 21-17, 21-12 से मात दी।