भारतीय शटलर सौरव वर्मा ने कोरियाई खिलाड़ी को रोमांचक मुकाबले में हराकर सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में 26 वर्षीय सौरव ने क्वांग ही को 21-17, 16-21, 21-18 से हराया। अब फाइनल में सौरव का मुकाबला ताइवान के आठवें वरीय खिलाड़ी वांग जू यी से होगा।
वहीं अन्य मुकाबले में महिलाओं के एकल स्पर्धा में ऋतुपर्णा दास को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। 39 मिनट तक चले इस मुकाबले में थाइलैंड की फिटायापोर्ण चाइवान ने ऋतुपर्णा दास को 24-22, 21-15 से हरा दिया।
इससे पहले पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन ऋतुपर्णा ने क्वॉर्टरफाइनल में श्रुति मुंडाडा को 24-26 21-10 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।