मौजूदा चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने अगले महीने चीन में होने वाले बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल पर ध्यान देने के लिए सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय विश्व टूर सुपर 300 टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है।
23 वर्षीय भारतीय महिला स्टार शटलर 1,500,000 डालर इनामी विश्व टूर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए 'रेस ऑफ ग्वांग्झू' में पांचवें नंबर है। चीन के शहर ग्वांग्झू में यह टूर्नामेंट 12 से 16 दिसंबर के बीच होगा।
सिंधु के पिता पीवी रमन्ना ने पीटीआई से कहा, 'सिंधु ने भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) को सैयद मोदी टूर्नामेंट से हटने की अनुमति प्रदान करने के लिये लिखा है ताकि वह दिसंबर में होने वाले विश्व टूर फाइनल्स पर ध्यान केंद्रित कर सके।'
उन्होंने कहा, 'सिंधु ने आयोजकों और राष्ट्रीय कोच पी गोपीचंद को भी सूचित कर दिया है। विश्व टूर प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और पदक जीतने के लिये सिंधु की फॉर्म चरम पर होनी चाहिए। अच्छी तरह से तैयार होने के लिए कम से कम 20 दिन का समय चाहिए।'