भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने गुरुवार को कहा कि ओलंपिक चैम्पियन कैरोलिना मारिन के चोटिल होने के कारण बाहर रहने के बावजूद आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप जीतना आसान नहीं होगा। ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप छह मार्च से खेली जायेगी।
रियो ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधु का मानना है कि महिला एकल खिताब जीतने के लिये उसे वहां अपना सौ फीसदी देना होगा। सिंधु ने बीमा कंपनी पीएनबी मेटलाइफ की ब्रांड दूत बनने के बाद कहा, 'ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप सबसे बड़े टूर्नामेंटों में से एक है। मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। इसे जीतना आसान नहीं है। हम सभी को सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।'
उन्होंने कहा, 'उसके बाद कुछ सुपर सीरिज होंगी और फिर ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारी करनी है जिसके लिये हम सभी को फिट और स्वस्थ रहना होगा।' कोच विमल कुमार ने कहा था कि स्पेन की कैरोलिना के बाहर रहने से साइना और सिंधु के पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।
सिंधु ने कहा , 'मारिन के घुटने का ऑपरेशन हुआ है। यह दुखद है लेकिन चोट कैरियर का हिस्सा है। उम्मीद है कि वह मजबूती से वापसी करेगी। उसके नहीं खेलने के बावजूद यह आसान नहीं होगा। शीर्ष दस 15 खिलाड़ियों का स्तर समान है। आप यह नहीं मान सकते कि ड्रॉ आसान होगा। चेन युफेइ, हि बिंगजियाओ, सुंग जि ह्यून और रेचानोक इंतानोन सभी बराबरी की हैं।'
इनपुट-भाषा