रियो ओलंपिक में रजत पदक विजेता भारतीय शटलर पीवी सिंधू एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में चीन की ही बिंगजियाओ से 21-15, 14-21, 22-24 से कड़े मुकाबले में पराजित हो गई। यह मुकाबला एक घंटे 17 मिनट चला। सिंधू को टूर्नामेंट में चौथी वरीयता मिली थी जबकि बिंगजियाओ आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।
सिंधू की हार के साथ चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। पहले गेम में सिंधू एक समय 4-4 से बराबरी पर चल रही थी लेकिन उसके बाद उन्होंने बढ़त कायम रख पहला गेम अपने कब्जे में कर लिया था। दूसरे गेम में चीनी खिलाड़ी हावी हो गईं और सिंधू जल्द ही 7-13 से पिछड़ गईं।
बाद में उन्होंने कुछ अंक हासिल किए लेकिन दूसरा गेम बिंगजियाओ ने जीत लिया। तीसरे गेम में कड़ी टक्कर हुई। दोनों खिलाड़ी एक समय 21-21 से बराबरी पर थीं लेकिन अंतत: बिंगजियाओ ने बाजी मार ली।