बैडमिंटन में भारत की उम्मीद पीवी सिंधु हांगकांग सुपर सीरीज के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। हांगकांग के काव्लून में खेले जा रहे टूर्नामेंट में गुरुवार को उन्होंने महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में जापान की अया ओहोरी को 21-14, 21-17 से हराया।
विश्व में दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने विश्व में 13 वें नंबर की खिलाड़ी ओहोरी को महज 40 मिनट के भीतर सीधे गेमों में हराया। सिंधु ने पहला सेट जीत लिया लेकिन दूसरे सेट में उन्हें थोड़ा संघर्ष करना पड़ा। हालांकि उन्होंने इस सेट में भी जापानी खिलाड़ी पर दबदबा कायम रखा।
टूर्नामेंट में अब सिंधु का सामना क्वार्टरफाइनल में जापान की दो खिलाड़ियों सायाक साटो और अकाने यामागुची में से किसी एक के साथ होगा। चाइना ओपन में खिताब से वंचित सिंधु को हांगकांग सुपर सीरीज में टाइटल का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।