भारतीय शटलर पीवी सिंधू ने बृहस्पतिवार को जर्मन ओपन ग्रां प्री गोल्ड बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्री क्वार्टर में उन्होंने कनाडा की मिचेली ली को 21-9, 21-17 से पराजित किया।
मल्हेम एन डेर रुहर (जर्मनी) में विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीतने वाली पी वी सिंधू की विश्व में 16वें नंबर की कनाडा की मिचेली ली के खिलाफ यह पांच मुकाबलों में तीसरी जीत है। पुरुष वर्ग में किदांबी श्रीकांत और पारूपल्ली कश्यप प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।
जनवरी में लखनऊ में सैयद मोदी ग्रां प्री गोल्ड का खिताब जीतने वाले दुनिया में दसवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने नीदरलैंड के एरिक मेजिस को 48 मिनट में 15-21, 21-6, 21-16 से पराजित किया। छठी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी का अब हांगकांग के दुनिया के 16वें नंबर के खिलाड़ी लांग एंगुस से मुकाबला होगा।
उधर, कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन पारूपल्ली कश्यप ने आयरिश क्वालीफायर जोशुआ मैगी को 21-12, 21-11 से आसानी के साथ हरा दिया। चोटों से उबरकर वापसी करने वाले 12 वीं वरीयता के कश्यप का सामना अब आठवीं वरीयता के कोरियाई सन वान हू से होगा।
अन्य भारतीय खिलाड़ी समीर वर्मा को कोरिया के ली डोंग कियुन के हाथों 21-8, 19-21, 19-21 से हार झेलनी पड़ी। पुरुषों के युगल वर्ग में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी को चीन ताइपके के ली शेंग मू और टसई शिया सिन की जोड़ी के हाथों 10-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले अत्री और रेड्डी ने इंग्लैंड के मार्कस इलिस और क्रिस लैंग्रिज को 21-16, 19-21, 21-17 से हराया था।