सिंधु शुरू में नर्वस दिखी। उन्हें लय हासिल करने में समय लगा और यामागुची ने तब तक 5-0 की बढ़त बना दी। जब स्कोर 4-8 था तब सिंधुने लगातार पांच अंक बनाये और 9-8 से बढ़त हासिल कर ली। हालांकि इंटरवल के समय जापानी खिलाड़ी 11-0 से मामूली बढ़त लिये हुए थी। इसके बाद सिंधु ने बेहतर खेल दिखाया तथा लगातार आठ अंक बनाकर 18-12 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद हालांकि दो बार उनका शाट बाहर गया जिससे यामागुची को वापसी का मौका मिला। भारतीय खिलाड़ी के पास चार ब्रेक प्वाइंट थे और वह इनमें से पहले पर गेम अपने नाम करने में सफल रही।
दूसरे गेम में भी शुरू में सिंधु एक समय 2-6 से पीछे थी लेकिन इस भारतीय ने अंतर 7-8 कर दिया। यामागुची ने हालांकि क्रास कोर्ट स्मैश से अंक बनाया और फिर इंटरवल तक 11-7 से बढ़त बनाये रखी। जापानी खिलाड़ी ने जल्द ही अपनी बढ़त 14-9 कर दिया। इसके बाद एक समय स्कोर यामागुची के पक्ष में 16-12 से आगे थी। सिंधुने यहां से गजब का जज्बा और अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया और लगातार आठ अंक बनाये।
सिंधु ने जल्द ही मैच प्वाइंट हासिल किया लेकिन यामागुची ने इसका बचाव करने के बाद गेम प्वाइंट भी हासिल किया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों में लंबी रैलियां देखने को मिली। सिंधुने तीसरे मैच प्वाइंट पर मैच अपने नाम किया। तब जापानी खिलाड़ी का शाट बाहर चला गया था।