प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के तीसरे एडिशन की शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। लीग का पहला मुकाबला चेन्नई स्मैशर्स और अवध वॉरियर्स के बीच होगा। इसका मतलब है कि बैडमिंटन फैंस को लीग के पहले ही दिन चेन्नई की पीवी सिंधु और अवध की साइना नेहवाल के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।
आठ टीमों की लीग के शुरुआती मुकाबले इस संस्करण की नई टीम नॉर्थ ईस्टर्न वॉरियर्स के घर गुवाहाटी में खेले जाएंगे, जो अपना पहला मुकाबला कैरोलिन मरिन की टीम हैदराबाद हंटर्स से खेलेंगे।
23 दिन तक चलने वाली लीग में सारे मुकाबले रात में होंगे, जिससे खिलाड़ियों को अगले मैच के लिए तैयारी करने का पर्याप्त मिल सके। लीग का फाइनल 14 जनवरी को हैदराबाद में खेला जाएगा। इस लीग में विश्व नंबर एक पुरुष खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन (बेंगलुरु बलास्टर्स) और विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी ताई जु यिंग (अहमदाबाद स्मैश मास्टर्स) भी इस लीग का हिस्सा होंगी।
ये भी पढ़ें: पुलेला गोपीचंद बोले, बैडमिंटन में 30 साल गुजारने के बाद भी मैं बहुत कुछ नहीं जानता
चार दिन गुवाहाटी में मुकाबले होने के बाद लीग दिल्ली पहुंचेंगी, जहां पर पांच दिन तक मुकाबले चलेंगे। इसमें दिल्ली डेशर्स को दो मुकाबले घर में खेलने का फायदा मिलेगा। उनका इरादा बेंगलुरु ब्लास्टर्स और हैदराबाद हंटर्स के खिलाफ अधिक से अधिक अंक लेकर सेमीफाइनल में पहुंचने पर होगा।
दिल्ली के बाद लीग लखनऊ पहुंचेंगी, जहां विक्टर एक्सेलसन की टीम बेंगलुरु सान वान हो की मुंबई रॉकेट्स से भिड़ेगी। यहां पर चार दिन तक मुकाबले होंगे। इसके बाद लीग पांच जनवरी को चेन्नई पहुंचेगी और इसके बाद 10 जनवरी को लीग हैदराबाद पहुंचेगी, जहां पर दो लीग मुकाबले होंगे। 12 और 13 जनवरी को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे।