राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैम्पियन पी कश्यप ने कनाडा ओपन में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। कश्यप ने चीनी ताइपे के चौथे वरीय वांग जू वेई को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर कनाडा ओपन सुपर 100 टूर्नामेंट के पुरूष एकल फाइनल में प्रवेश किया।
छठे वरीय कश्यप ने शनिवार की रात एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए एक घंटे 10 मिनट तक चले सेमीफाइनल में वांग को 14-21, 21-17 और 21-18 से शिकस्त दी। इस जीत से 32 साल के कश्यप ने वांग के खिलाफ जीत का रिकार्ड 3-0 कर दिया। उन्होंने इस साल मार्च में इंडिया ओपन में दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी को पराजित किया था।
अब इस भारतीय खिलाड़ी का सामना फाइनल में चीन के गैर वरीय लि शि फेंग से होगा। फेंग ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान के कोकी वटानबे को 20-22, 21-10 और 21-11 से शिकस्त दी।