इंडिया ओपन में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू मलेशिया ओपन के पहले दौर में जापान की आया ओहोरी से भिड़ेंगी। इस दौर पर जीतने के बाद दूसरे दौर में उनका सामना कोरिया की सुंग जी ह्यून से हो सकता है। ह्यून ने उन्हें आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप के पहले दौर में हराया था।
पेट में तकलीफ के कारण स्विस ओपन और इंडिया ओपन से दूर रही इंडोनेशिया ओपन की चैम्पियन साइना नेहवाल को इस टूर्नामेंट के पहले दौर में थाईलैंड की पोर्नपावी शोशुवोंग की चुनौती से पार पाना होगा।
एचएच प्रणय ने भी इंडिया ओपन में क्वार्टरफाइनल का सफर तय किया था और वह अपनी फार्म को यहां भी जारी रखना चाहेंगे। समीर वर्मा को हालांकि पहले दौर में विश्व रैंकिंग में दूसरे नंबर के चीन के खिलाड़ी शी युकी की चुनौती से पार पाना होगा।
पुरूष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी के अलावा महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी भारतीय चुनौती पेश करेगी। मिश्रित युगल में प्रणव जेरी चोपड़ा और सिक्की के प्रदर्शन पर नजरें होगी।