रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु साल के अपने पहले खिताब से दो कदम दूर हैं। दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु शुक्रवार को नंबर दो ओकुहारा की चुनौती को ध्वस्त कर इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता सिंधु ने ओकुहारा को मात्र 44 मिनट में 21-14, 21-7 से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। सिंधु की यह जापानी खिलाड़ी ओकुहारा पर 15 मैचों में आठवीं जीत है। सात बार ओकुहारा जीती है।
वहीं इस सत्र की सिंधु की यह ओकुहारा पर दो मुकाबलों में पहली जीत। उन्हें सिंगापुर ओपन में मात मिली थी। अब फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय शटलर का सामना चीनी खिलाड़ी चेन यूफेई से होगा। चेन ने अमेरिका की बेईवेन झांग को 21-14,17-21, 21-16 से पराजित किया।
दो साल से चेन से नहीं जीती हैं सिंधु : सिंधु पिछले दो साल से चेन से नहीं जीत पाई हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक मुकाबला ही खेला जिसमें सिंधु को हार मिली। सिंधु ने आखिरी बार चेन को 2017 में दुबई विश्व टूर फाइनल्स में हराया था। दोनों ने सात मुकाबले खेले हैं जिसमें से सिंधु ने चार और चेन ने तीन जीते हैं।
सत्र का तीसरा सेमीफाइनल : सत्र का सातवां टूर्नामेंट खेल रहीं हैदराबादी खिलाड़ी सिंधु तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचीं हैं। वह इससे आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। पिछले साल दिसंबर में विश्व टूर फाइनल्स की ट्रॉफी जीतने के बाद से सिंधु ने कोई खिताब नहीं जीता है।
जीत के बाद, 'पीवी सिंधु मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं। मैं सही खेली। वह (ओकुहारा) उम्दा खिलाड़ी हैं। मुझे यह टूर्नामेंट इसलिए जीतना है जिससे मुझे सकारात्मक ऊर्जा मिले।'