शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के मैसनाम मीराबा लुवांग ने कोरिया के मीरयांग में कोरिया जूनियर ओपन अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैलेंज में लड़कों के अंडर-19 वर्ग का खिताब जीत लिया। शनिवार को मणिपुर के स्टार खिलाड़ी ने सिर्फ 36 मिनट में ही कोरिया के 15वें वरीय ली हाक जू को 21-10, 21-13 से हरा दिया।
वहीं दूसरे मुकाबले में भारत के ही आठवीं वरीयता प्राप्त सतीश कुमार करुणाकरण ने इसी वर्ग में कांस्य पदक जीता। विश्व जूनियर रैंकिंग में अभी नौवें नंबर पर काबिज लुआंग ने पूरे सप्ताह अच्छा प्रदर्शन किया तथा छह मैचों में केवल एक गेम गंवाया। यह इस साल उनका तीसरा अंतरराष्ट्रीय खिताब है। इससे पहले उन्होंने रूसी जूनियर और इंडिया जूनियर इंटरनेशनल के खिताब जीते थे।