दो बार रोकना पड़ा खेल
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट के तीसरे दिन भी असामान्य रुकावटें जारी रहीं। पहले से ही टूर्नामेंट खेलने की स्थितियों, खराब हवा, बहुत अधिक ठंड और इस हफ्ते की शुरुआत में स्टैंड में एक बंदर देखे जाने से जुड़ी शिकायतों के कारण जांच के दायरे में चल रहा है। पूर्व विश्व चैंपियन लोह के खिलाफ प्रणय का मैच पहली बार तब रोका गया जब भारतीय खिलाड़ी पहले गेम में 16-14 से आगे था। निर्णायक गेम की शुरुआत में इसे फिर से रोका गया, जब प्रणय 1-0 से आगे थे। दोनों मौकों पर टूर्नामेंट के अधिकारी कोर्ट एक (मुख्य टीवी कोर्ट) साफ करने के लिए आए। ऐसा लग रहा था कि छत से पक्षी की बीट गिरी थी।
यह घटना टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की लगातार शिकायतों के बाद हुई है। मंगलवार को डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट ने खराब परिस्थितियों को लेकर असंतोष व्यक्त किया जबकि उनके देश के एंडर्स एंटोनसेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बहुत अधिक प्रदूषण का हवाला देते हुए लगातार तीसरे साल टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। बुधवार को आयोजकों को तब और शर्मिंदगी हुई जब टूर्नामेंट के दौरान स्टैंड में एक बंदर देखा गया।