भारत के स्टार शटलर किदांबी श्रीकांत शनिवार को सेमीफाइनल में हारकर हांगकांग ओपन से बाहर हो गए। हांगकांग के अपने प्रतिद्वंद्वि ली चेयुक इयु से 9-21, 23-25 के अंतर से किदांबी को निराशा हाथ लगी। इसके पहले शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल में चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त चेन लोंग के चोट के कारण हटने से किदांबी सेमीफाइनल तक पहुंच पाए थे। विश्व में 13वें नंबर पर काबिज लेकिन यहां गैरवरीयता प्राप्त श्रीकांत तब एक गेम से आगे चल रहे थे जब लोंग ने हटने का फैसला किया। श्रीकांत इस टूर्नामेंट में बचे अकेले भारतीय थे। साइना, सिंधु, सात्विक साईराज, अश्विन पोनप्पा समेत कई नामचीन शटलर शुरुआती दौर में ही हारकर बाहर हो गए थे।