भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधू मंगलवार को यहां हांगकांग वर्ल्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी तो उनकी नजरें अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखने पर टिकी होंगी। पिछले साल सिंधू को फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताइ जू यिंग के खिलाफ शिकस्त के बाद उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।
इस भारतीय खिलाड़ी को कड़े प्रतिद्वंद्वियों की मौजूदगी में एक बार फिर पोडियम पर जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। मौजूदा व्यस्त सत्र में सिंधू राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने में सफल रहीं।
वह इंडिया ओपन और थाईलैंड ओपन के फाइनल में भी पहुंची। सिंधू अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड की निचाउन जिंदापोल के खिलाफ करेंगी जबकि क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीन की ही बिंगजियाओ से हो सकता है जिनके खिलाफ इस साल उन्होंने तीन मुकाबले गंवाए हैं।
पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत पहले दौर में हांगकांग के वोंग विंग की विन्सेंट से भिड़ेंगे और दूसरे दौर में उन्हें हमवतन एचएस प्रणय से भिड़ना पड़ सकता है। प्रणय अपने अभियान की शुरुआत डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसन के खिलाफ करेंगे जिनके खिलाफ वह अब तक सिर्फ एक बार पिछले साल जापान ओपन में खेले हैं और जीत हासिल करने में सफल रहे।
इस साल स्विस ओपन और हैदराबाद ओपन के खिताब जीतने वाले समीर वर्मा पहले दौर में थाईलैंड के सुपान्यु अविहिंगसानोन के खिलाफ उतरेंगे। बीसाई प्रणीत भी अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के ही खोसित फेतप्रदाब के खिलाफ करेंगे।