बी. साई प्रणीत
भारतीय शटलर बी साई प्रणीत ने चीन ओपन के दूसरे दौर में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। प्रणीत ने प्री-क्वार्टरफाइनल में चीनी खिलाड़ी लू गुआंगजू को 21-19, 21-19 से सीधे सेट में हराकर पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।
युगल विशेषज्ञ सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के लिए भी दिन अच्छा नहीं रहा और उन्हें पुरुष युगल और महिला युगल दोनों वर्ग में हार का सामना करना पड़ा। पुरुष युगल में सात्विक और चिराग शेट्टी की दुनिया की 15वें नंबर की जोड़ी को ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोदा की चौथी वरीय जापानी जोड़ी के खिलाफ दूसरे दौर में 33 मिनट में 19-21 8-21 से हार झेलनी पड़ी।
अश्विनी पोनप्पा -सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी भी हारे
सात्विक और चिराग को इस साल दूसरी बार ताकेशी और केइगो के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। इससे पहले जुलाई में जापान ओपन के दौरान भी भारतीय जोड़ी को दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी के खिलाफ शिकस्त मिली थी। सात्विक इसके बाद मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा के साथ उतरे और इस भारतीय जोड़ी को भी युकी केनेको और मिसाकी मात्सुतोमो की जापान की जोड़ी के खिलाफ 11-21 21-16 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
पारुपल्ली कश्यप हारकर बाहर
पुरुषों के एकल में पारुपल्ली कश्यप को सातवीं वरीयता वाले इंडोनेशियाई खिलाड़ी एंथोनी गिन्टिंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 71 मिनट तक चले लंबे मुकाबले में कश्यप आखिरी तक लड़ते रहे लेकिन 21-23, 21-15 और 12-21 से हारकर चीन ओपन से बाहर हो गए।