भारत के उभरते हुए बैडमिंटन खिलाड़ी बी साई प्रणीत वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरूष एकल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। 19वीं रैंकिंग वाले प्रणीत ने वर्ल्ड के चौथे नंबर के इंडोनेशियाई खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को हराकर इतिहास रच दिया।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में प्रणीत ने 51 मिनट तक चले मैच में क्रिस्टी को लगातार सेटों में 24-22 और 21-14 से हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। साथ ही उन्होंने भारत का एक और पदक भी पक्का किया।
इतना ही नहीं प्रणीत भारतीय बैडमिंटन के 36 साल के इतिहास में वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक पक्का करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनें। उनसे पहले प्रकाश पादुकोण 1983 में वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचे थे और भारत के लिए मेडल जीता था।