भारत के स्टार शटलर किदांबी श्रीकांत चाइना ओपन से हटने के बाद अब हांगकांग सुपर सीरीज से भी अपना नाम वापस ले लिया है। श्रीकांत ने ऐसा इसलिए किया ताकि वह दिसंबर में होने वाली दुबई सुपर सीरीज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से फिट हो सके। टीम इंडिया के फिजियो सी किरण ने कहा कि श्रीकांत की चोट अब काफी बेहतर है। हम चाहते हैं श्रीकांत 100 फीसदी फिट होने के बाद ही किसी टूर्नामेंट में उतरे। ऐसा करके ही वह टूर्नामेंट जीत सकेंगे।
श्रीकांत अभी पूरी तरह फिट नहीं है। इसलिए ही उन्हें दस दिन का विश्राम दिया गया है। मांसपेशियों में खिंचाव के बाद डॉक्टरों की सलाह पर श्रीकांत ने अपना नाम चाइना ओपन से वापस लिया था। विश्व के नंबर 2 खिलाड़ी श्रीकांत दुबई ओपन में खिताब के प्रबल दावेदार हैं। इस साल वह पांच टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे हैं। इनमें से चार में वह विजेता बने थे।
पीवी सिंधु मंगलवार से शुरू हो रही हांगकांग सुपर सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सिंधु पिछले करीब एक माह में यह पांचवां टूर्नामेंट खेलेंगी। 22 साल की सिंधु अगर पहले दो दौर की बाधा पार कर लेती हैं तो वह क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान की अकाने यामागुची से हो सकता है। यामागुची शानदार फार्म में हैं। उन्होंने हाल ही में चीन ओपन का खिताब जीता है।