घुटने में चोट के कारण एक महीने बार कोर्ट पर वापसी कर रही युवा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को इस महीने हांगकांग ओपन और चाइना ओपन में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। बकौल सिंधू, ‘फिलहाल मैं हांगकांग और चीन में खेलूंगी। उम्मीद है कि मैं अच्छा खेलूंगी। मेरी तैयारी अच्छी रही है। इन टूर्नामेंट में मैं अपना शत-प्रतिशत देना चाहती हूं।’
दाएं घुटने की चोट की वजह से 17 वर्षीय सिंधू ने जापान में वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लिया था। इससे पहले चाइना मास्टर्स सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में लंदन ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता चीन की ली शुएरुई को हराया था।