अवध वॉरियर्स ने इंडियन बैडमिंटन लीग में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मजबूत मुंबई मास्टर्स की चुनौती खत्म कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
वॉरियर्स ने लीग के दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई की टीम को 3-2 से हराकर हैदराबाद हॉटशॉट्स के साथ खिताबी भिड़ंत के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।
वॉरियर्स और हैदराबाद के बीच फाइनल शनिवार को खेला जाएगा। हैदराबाद ने पहले सेमीफाइनल में पुणे को हराया था।
पहले पुरुष सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर वन मलेशिया के ली चोंग वेई ने अवध वॉरियर्स के गुरुसाईदत्त को 21-15, 21-7 से हराकर मुंबई मास्टर्स को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद महिला सिंगल्स में पीवी सिंधू ने मुंबई मास्टर्स की टाइन बाउन को 21-16, 21-13 से हराकर वॉरियर्स को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
हालांकि, पुरुष डबल्स में इंडोनेशिया के मार्किस किडो और डेनमार्क के माथियान बोए ने मास्टर्स के प्रणव जेरी चोपड़ा और सुमिथ रेड्डी की भारतीय जोड़ी को 21-15, 21-10 से हराकर वॉरियर्स की बढ़त को 2-1 कर दी।
दूसरे पुरुष सिंगल्स में रूस के व्लादिमीर इवानोव ने वॉरियर्स के के श्रीकांत को 21-20, 21-19 से हराकर मुंबई मास्टर्स को
2-2 से बराबरी पर ला दिया।
रोमांचक हो चुके निर्णायक और मिक्स्ड डबल्स मुकाबले में किडो और पिया बेर्न ने मुंबई के बाउन और इवानोव को 21-19, 21-15 से हराकर लखनऊ की टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।