इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) ने अवध वॉरियर्स के थाई खिलाड़ी मनीपोंग जोंगजित पर चल रही विश्व एवं थाईलैंड बैडमिंटन संघ की अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद फ्रेंचाइजी से इस खिलाड़ी को हटाने के लिए कहा है।
पुरुष युगल में विश्व के 13वें नंबर के इस थाई खिलाड़ी को हाल ही में कनाडा ओपन के दौरान साथी खिलाड़ी बोडिन इसारा के साथ बुरा बर्ताव करने के लिए थाईलैंड बैडमिंटन संघ (बैट) ने तीन महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।
बैट ने आईबीएल अधिकारियों के साथ फोन पर इस मामले को लेकर सोमवार को चर्चा की तथा सर्वसम्मति से इस पर फैसला लेने का निर्णय किया गया है।
आईबीएल ने अवध वॉरियर्स को विदेशी खिलाड़ी जोंगजित की जगह उसी बजट में किसी अन्य खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करने के लिए कहा है। फ्रेंचाइजी से इस पर 48 घंटे के अंदर निर्णय लेकर बैट को इसकी जानकारी देने के लिए भी कहा गया है।
इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश दास गुप्ता ने कहा, ‘थाई खिलाड़ी पर कार्रवाई चल रही है इसलिए हमारे लिए ऐसे निलंबित खिलाड़ी को आईबीएल में लेना ठीक नहीं है। हमें संबंधित संघ की अपील का सम्मान करना होगा। अवध वॉरियर्स को इसकी जानकारी दे दी गई है। इस पर जल्द ही निर्णय होगा।’
दस लाख डॉलर की इनामी राशि वाले आईबीएल का पहला संस्करण 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है जिसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी।