कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रजत पदक जीतकर अविनाश साबले ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने 3000 मीटर स्टीपलचेज में 8:11.20 सेकंड में अपनी रेस पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बेहतर किया। उनका पिछला प्रदर्शन 8:12.48 सेकेंड का था। 1998 से लगातार केन्या के एथलीट स्टीपलचेज में पदक जीतते आ रहे थे। पिछले छह कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण, रजत और कांस्य तीनों पदक केन्या के खिलाड़ियों ने ही जीते थे, लेकिन 2022 में अविनाश ने यह सिलसिला तोड़कर केन्या के किले में सेंध लगा दी। इस साल उन्होंने रजत पदक जीता और स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ 0.05 सेकेंड से चूक गए।
अविनाश इस साल शानदार फॉर्म में रहे हैं और लगातार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा है। इसके बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में उनसे पदक की उम्मीद लगाई जा रही थी और अविनाश ने अपना प्रदर्शन और बेहतर करते हुए रजत पदक जीता। हालांकि, अविनाश के लिए यहां तक का सफर आसान नहीं रहा है। 18 साल की उम्र में वो सेना में भर्ती हो गए थे और चीजें उनके लिए काफी आसान हो गई थीं, लेकिन इससे पहले उनका जीवन चुनौतियों से भरा रहा है।