साल के पहले ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल का फाइनल रविवार को स्पेन के राफेल नडाल और रूस के डेनिल मेदवेदेव के बीच होगा। नडाल अगर यहां खिताब जीतने में सफल रहते हैं तो स्विस दिग्गज रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच को पछाड़कर पुरुष टेनिस में रिकॉर्ड 21वें एकल ग्रैंडस्लैम खिताब पर कब्जा करेंगे। अभी उनके फेडरर और जोकोविच के समान 20 ग्रैंडस्लैम हैं। नडाल ने अभी तक केवल एक बार 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीता है।
स्पेन के 35 वर्ष के धुरंधर नडाल ने इटली के माटेओ बैरेटिनी को 6-3, 6-2, 3-6, 6-3 से हराकर छठी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में प्रवेश किया। यूएस ओपन चैंपियन मेदवेदेव ने अन्य सेमीफाइनल में स्टेफानोस सितसिपास को 7-6 (5), 4-6, 6-4, 6-1 से पराजित किया। मेदवेदेव ओपन युग में पहले ऐसे खिलाड़ी बनने की कवायद में हैं जिन्होंने अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के बाद अगले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में भी जीत दर्ज की।