फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Australian Open: 15 साल बाद शुरुआती दो सेट हारने के बाद जीते राफेल नडाल, जानिए फाइनल में क्या-क्या रिकॉर्ड्स बने

Sun, 30 Jan 2022 08:25 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

सार

नडाल के नाम रिकॉर्ड लगातार 852 हफ्ते (2005-22) से टॉप-10 में बने रहने का रिकॉर्ड है। इससे ज्यादा बार ऐसा किसी ने नहीं किया है। दूसरे नंबर पर जिमी कॉनर्स हैं। वह 788 हफ्ते टॉप-10 में बने रहे थे।
विज्ञापन
राफेल नडाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टेनिस के बेताज बादशाह स्पेन के राफेल नडाल ने 21वां ग्रैंडस्लैम जीत लिया है। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने के मामले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में उन्होंने रूस के डेनिल मेदवेदेव को 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 से हराया। उन्होंने दूसरी बार यह खिताब जीता है। पिछली बार उन्होंने 13 साल पहले यानी 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीता था।
विज्ञापन




जोकोविच और फेडरर को पीछे छोड़ा
35 साल के नडाल की मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग पांच है। इस टूर्नामेंट से पहले तक नडाल, जोकोविच और फेडरर 20-20 ग्रैंड स्लैम जीत पर थे। हालांकि, अब नडाल बाकी दोनों से आगे निकल गए हैं। जोकोविच यह टूर्नामेंट वीजा रद्द होने की वजह से नहीं खेल पाए। वह डिफेंडिंग चैंपियन थे और उन्होंने सबसे ज्यादा नौ बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है। 

शुरुआती दो सेट हारने के बाद नडाल ने जीता मैच
फाइनल में विश्व नंबर दो रूस के मेदवेदेव के खिलाफ एक वक्त नडाल शुरुआती दो सेट में पिछड़ गए थे। इसके बाद वापसी करते हुए अगले तीन सेट जीते। यह नडाल के करियर में सिर्फ चौथी बार है जब उन्होंने शुरुआती दो सेट हारने के बाद मैच जीता हो। सबसे पहले 2005 मैड्रिड मास्टर्स में नडाल ने ऐसा किया था, जब उन्होंने क्रोएशिया के इवान लुबिचिच को 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 7-6 से हराया था।
विज्ञापन




15 साल बाद नडाल ने किया ऐसा
इसके बाद 2006 और 2007 विम्बलडन में भी यही दम दिखाया। 2006 विम्बलडन में नडाल ने शुरुआती दो सेट में पिछड़ने के बाद रॉबर्ट केन्ड्रिक को 6-7, 3-6, 7-6, 7-5, 6-4 से हराया था। वहीं, 2007 विम्बलडन में दो सेट में पिछड़ने के बाद मिखाइल युजनी को 4-6, 3-6, 6-1, 6-2, 6-2 से हराया था। यानी 15 साल बाद नडाल ने फिर ऐसा किया है। ऑस्ट्रेलियन ओपन में पहली बार नडाल शुरुआती दो सेट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच जीत पाए हैं।

नडाल 29 ग्रैंडस्लैम फाइनल खेल चुके
नडाल का यह चारों ग्रैंडस्लैम मिलाकर 29वां फाइनल था। उन्होंने अब तक फ्रेंच ओपन के सबसे ज्यादा 13 फाइनल मुकाबले खेले हैं और इन सभी में जीत हासिल की है। वहीं, ऑस्ट्रेलियन ओपन का यह उनका छठा फाइनल था, जिसमें से उन्होंने सिर्फ दो जीते हैं। नडाल यूएस ओपन और विम्बलडन के पांच-पांच फाइनल मुकाबले खेल चुके हैं। यूएस ओपन वह दो बार और विम्बलडन चार बार जीत चुके हैं।

पांच सेट के मैचों में जोकोविच का रिकॉर्ड सबसे बेहतर 
पांच सेट के मैचों में नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड सबसे बेहतरीन है। उन्होंने अपने करियर में 45 ऐसे मैच खेले हैं, जिनमें पांचवें सेट में नतीजा निकला है। इनमें से 35 सेट जोकोविच ने जीते हैं, जबकि 10 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं रोजर फेडरर ने पांच सेट वाले 56 मैच खेले हैं और 33 जीते हैं, जबकि 23 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। नडाल ने 37 मुकाबलों में पांचवां सेट खेला है और 24 में जीत हासिल की है। वहीं 13 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। 
 
पांच सेट वाले मैचों में 'बिग थ्री' का प्रदर्शन
खिलाड़ी मैच जीते हारे जीत %
नोवाक जोकोविच 45 35 10 78
रोजर फेडरर 56 33 23 59
राफेल नडाल 37 24 13 64






नडाल ने कब-कब जीता ग्रैंड स्लैम
नडाल ने अब तक करियर में अब तक कुल 90 टाइटल जीते हैं। 21 ग्रैंडस्लैम की बात करें तो उन्होंने 13 फ्रेंच ओपन टाइटल (2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020), दो विम्बलडन टाइटल (2008, 2010), चार यूएस ओपन टाइटल (2010, 2013, 2017, 2019) और दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन (2009, 2022) जीता है। 
विज्ञापन


नडाल लगातार 852 हफ्ते से टॉप-10 में बने हुए हैं
नडाल के नाम रिकॉर्ड लगातार 852 हफ्ते (2005-22) से टॉप-10 में बने रहने का रिकॉर्ड है। इससे ज्यादा बार ऐसा किसी ने नहीं किया है। दूसरे नंबर पर जिमी कॉनर्स हैं। वह 788 हफ्ते टॉप-10 में बने रहे थे। तीसरे नंबर पर 734 हफ्ते के साथ फेडरर हैं। इसमें 209 हफ्ते तक वह नंबर एक पर रह चुके हैं और 160 लगातार हफ्ते तक नंबर दो पर रहे।

नडाल का ऑस्ट्रेलियन ओपन में 91वां मैच
ग्रैंडस्लैम में नडाल ने कुल मिलाकर 339 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 298 मैच जीते हैं, जबकि 41 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियन ओपन में नडाल ने 91 मुकाबले खेले हैं। इसमें से उन्होंने 76 मैच जीते हैं और 15 में हार का सामना करना पड़ा है। वह अब तक इस सीजन में लगातार 10 मैचों से अजेय हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें