फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games: एशियाई खेल 2026 के लिए कड़े चयन मानदंड, अतिरिक्त सहयोगी स्टाफ को अनुमति नहीं

Wed, 24 Sep 2025 02:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मंत्रालय की वेबसाइट पर बुधवार को डाले गए पांच पन्ने के दस्तावेज में साफ तौर पर कहा गया है कि एशियाई स्तर पर व्यक्तिगत रैंकिंग में शीर्ष छह और टीम खेलों में शीर्ष आठ में रहने वाले खिलाड़ियों को ही राष्ट्रीय महासंघ नामांकित कर सकेंगे।
विज्ञापन
एशियाई खेल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेल मंत्रालय ने 2026 एशियाई खेलों में चयन के लिये कड़े मानदंडों का खुलासा करते हुए कहा कि पदक जीतने के वास्तविक दावेदार खिलाड़ियों को ही मौका मिलेगा और सरकारी खर्चे पर नहीं जाने के बावजूद अतिरिक्त कोचों और सहयोगी स्टाफ को जाने की अनुमति नहीं मिलेगी ।
विज्ञापन


मंत्रालय की वेबसाइट पर बुधवार को डाले गए पांच पन्ने के दस्तावेज में साफ तौर पर कहा गया है कि एशियाई स्तर पर व्यक्तिगत रैंकिंग में शीर्ष छह और टीम खेलों में शीर्ष आठ में रहने वाले खिलाड़ियों को ही राष्ट्रीय महासंघ नामांकित कर सकेंगे। एशियाई खेल जापान के नागोया में अगले साल 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक खेले जाएंगे।

मंत्रालय ने कहा, 'हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पदक जीतने के वास्तविक दावेदारों को ही बहु खेल टूर्नामेंटों में भागीदारी के लिए मौका मिले।' इसमें कहा गया, 'अगर मंत्रालय या भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को पता चला कि पदक जीतने नहीं बल्कि सिर्फ भागीदारी के लिये कोई जा रहा है तो ऐसे खिलाड़ियों और टीमों को अनुमति नहीं दी जाएगी।'
विज्ञापन


इसमें कहा गया, 'सिर्फ वही खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ भारतीय दल का हिस्सा होंगे जिनका नाम सरकारी खर्च पर जाने के लिये मंजूर किया गया है। इसके अलावा कोई अतिरिक्त खिलाड़ी, कोच या सहयोगी स्टाफ शामिल नहीं होगा भले ही उसका खर्च सरकार को वहन नहीं करना पड़ रहा हो।' अक्सर खिलाड़ी अपने निजी कोचों या सहयोगी स्टाफ को अपने खर्च पर ले जाने की मांग करते हैं जिस पर विवाद होता है ।

यह चयन मानदंड राष्ट्रमंडल खेल (जुलाई अगस्त 2026), पैरा एशियाई खेल, एशियाई इंडोर खेल, एशियाई बीच खेल, युवा ओलंपिक, एशियाई युवा खेल और राष्ट्रमंडल युवा खेल पर भी लागू होंगे। चयन का आधार पिछले 12 महीने का प्रदर्शन होगा। नयी नीति में ओलंपिक या ऐसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं हैं जिनमे खिलाड़ी या टीम की भागीदारी संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघों द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर होती है ।

बयान में कहा गया, 'राष्ट्रीय खेल महासंघ ऐसे खिलाड़ी का नामांकन कर सकते हैं जिसने अंतरराष्ट्रीय खेल महासंघ द्वारा उस खेल की स्पर्धा में पिछले 12 महीने में पिछले एशियाई खेलों में छठे स्थान के प्रदर्शन की बराबरी की हो या उससे बेहतर किया हो।' चीन के हांगझोउ में पिछले एशियाई खेलों में जो स्पर्धायें नहीं हुई थी , उनके लिये चयन आगामी एशियाई खेलों से बारह महीने के भीतर सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप में शीर्ष छह में रहने के आधार पर होगा।

मंत्रालय ने हालांकि चेतावनी दी कि यदि यह बात सामने आती है कि एशियाई चैंपियनशिप अनियमित अंतराल पर आयोजित की जा रही है और प्रतियोगिता का स्तर निम्न है तो इसे नियमों को दरकिनार करने का प्रयास माना जाएगा। कठिन मानदंडों के कारण भारतीय फुटबॉल टीम के लिए इन खेलों में भाग लेना कठिन हो जाएगा, क्योंकि वर्तमान में वह फीफा रैंकिंग में एशियाई स्तर पर 24वें स्थान पर है।

मंत्रालय ने कहा कि नए दिशानिर्देश एक पारदर्शी और न्यायसंगत ढाँचा तैयार करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। इन मानदंडों में एक रियायत वाला प्रावधान है जो मंत्रालय को विशिष्ट खेलों के विशेषज्ञों या साइ की राय के आधार पर उन प्रतिभागियों की सिफारिश करने का अधिकार देता है जो निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करते हैं। भारत ने 2023 एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 28 स्वर्ण सहित 106 पदक जीते थे।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें