एशियन गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों का पदक पक्का करने का सिलसिला जारी है। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने सोमवार को दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को क्वार्टर फाइनल में 5-0 से हराकर एशियाई खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में लगातार दूसरा पदक पक्का किया। टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रहीं लवलीना ने सियोंग को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित किया। वहीं, प्रिया ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई और पदक पक्का किया।
प्रिया ने सर्वसम्मत फैसले में दर्ज की जीत
प्रिया घंघास महिलाओं की 60 किग्रा भारवर्ग में सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा को सर्वसम्मति से 5-0 से हरा दिया। इसी के साथ प्रिया ने एक और पदक पक्का कर दिया है। हालांकि, इस पदक का रंग क्या होगा, यह तो बाद में पता चलेगा।
अब तक कितने मुक्केबाजों ने पक्के किए पदक
असम की इस मुक्केबाज ने पिछले एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था। लवलीना के अलावा परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90 किग्रा से अधिक) भी भारत के लिए पदक पक्का कर चुके हैं। इन तीनों ने रविवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। आज दो मुक्केबाजों से पदक पक्का करने की उम्मीद है। प्रिया महिला 60 किग्रा में और कपिल पोखारिया पुरुष 90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करने उतरेंगे। अगर ये दोनों मुक्केबाज भी सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे तो मुक्केबाजी में दो और पदक पक्के हो जाएंगे।