फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियाड 2026: 20 सितंबर को भारत का शेड्यूल; क्विंसी जीत सकती हैं दो पदक; क्रिकेट में भारत-बांग्लादेश का मुकाबला

Sat, 19 Sep 2026 03:43 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

सार

Asian Games 2026 20 September India Schedule: एशियन गेम्स 2026 में 20 सितंबर भारत के लिए बेहद व्यस्त दिन होगा। क्विम्सी जोआकिम डिसूजा टेेकबॉल में दो कांस्य पदक मुकाबले खेलेंगी। महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश से सेमीफाइनल खेलेगी। शूटिंग में पदक की उम्मीद होगी, जबकि पुरुष और महिला हॉकी टीमें अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
विज्ञापन
एशियन गेम्स 2026 - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एशियन गेम्स 2026 में भारत का अभियान 20 सितंबर को और तेज होने वाला है। उद्घाटन समारोह शनिवार को होने के बाद रविवार को भारतीय खिलाड़ी कई खेलों में मैदान पर उतरेंगे। इस दिन भारत के लिए टेकबॉल और शूटिंग में पदक मुकाबले होंगे, जबकि महिला क्रिकेट टीम फाइनल में जगह बनाने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी। इसके अलावा पुरुष और महिला हॉकी टीमों के अभियान की भी शुरुआत होगी। सबसे खास नजर टेकबॉल खिलाड़ी क्विंसी जोआकिम डिसूजा पर रहेगी, जिनके पास एक ही दिन में दो कांस्य पदक जीतने का मौका है।

विज्ञापन

क्विंसी के पास दो पदक जीतने का मौका
क्विंसी सबसे पहले महिला एकल के कांस्य पदक मुकाबले में जापान की युइना सकामोटो के खिलाफ उतरेंगी। यह मुकाबला सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। इसके तुरंत बाद क्विंसी मिश्रित युगल में मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ कोर्ट पर उतरेंगी। भारतीय जोड़ी का सामना वियतनाम के होआंग मिन्ह तान गुयेन और जिया न्गी त्रिन्ह से होगा। यह मुकाबला सुबह सात बजे शुरू होगा। भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में इसी वियतनामी जोड़ी से हार गई थी। अब उसके पास कांस्य पदक के मुकाबले में वापसी करने का मौका होगा। यानी क्विम्सी के लिए रविवार सिर्फ एक मुकाबले का नहीं, बल्कि दो पदकों की संभावित दौड़ का दिन होगा।

शूटिंग में सुबह-सुबह पदक की उम्मीद
भारत की नजर शूटिंग पर भी होगी। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदार्सा के विनोद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस स्पर्धा का व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन सुबह 6:15 बजे से शुरू होगा। इसी समय महिला टीम का पदक मुकाबला भी निर्धारित है। व्यक्तिगत स्पर्धा का फाइनल बाद में सुबह होगा। इस तरह दिन की शुरुआत ही भारत के लिए पदक की संभावनाओं के साथ होगी।

महिला क्रिकेट टीम की नजर फाइनल पर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी रविवार को अहम मुकाबले में उतरेगी। टी20 प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी। भारत एशियन गेम्स में 2022 में जीते स्वर्ण पदक को बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला उसके अभियान के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा।

हॉकी में पुरुष और महिला टीमों का आगाज
भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों के लिए भी 20 सितंबर से एशियन गेम्स अभियान शुरू होगा। महिला टीम सुबह 7:30 बजे पूल बी के मुकाबले में उज्बेकिस्तान से भिड़ेगी। इसके बाद पुरुष टीम सुबह 11:30 बजे पूल ए में इंडोनेशिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। इस तरह हॉकी में भारत की दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत एक ही दिन करेंगी।

टेबल टेनिस और बैडमिंटन में भी व्यस्त दिन
टेबल टेनिस में भारतीय महिला और पुरुष टीमें ग्रुप मुकाबलों में उतरेंगी। महिला टीम सुबह 6:30 बजे इंडोनेशिया से खेलेगी और दोपहर 12:30 बजे उसका सामना सिंगापुर से होगा। पुरुष टीम सुबह नौ बजे इंडोनेशिया और दोपहर तीन बजे ईरान के खिलाफ खेलेगी। बैडमिंटन में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी। पहले दौर में भारत का सामना कजाखस्तान से होगा। मुकाबला सुबह 11:30 बजे शुरू होगा।

विज्ञापन

वुशू में भी भारतीय खिलाड़ी उतरेंगे
वुशू में अपर्णा महिलाओं के 52 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 में ईरान की सोघंद सिंकाईचेतान के खिलाफ खेलेंगी। यह मुकाबला पुरुष चांगक्वान फाइनल के बाद होगा। वहीं विक्रांत बलियान पुरुषों के 75 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 में ईरान के सोहेल मौसवी से भिड़ेंगे। पुरुष चांगक्वान फाइनल सुबह 5:30 बजे होगा और यह पदक स्पर्धा है।

20 सितंबर का भारत का पूरा शेड्यूल

समय खेल मुकाबला/स्पर्धा भारतीय खिलाड़ी
5:30 AM वुशू पुरुष चांगक्वान फाइनल
इसके बाद वुशू महिला 52 किग्रा राउंड ऑफ 16 अपर्णा
इसके बाद वुशू पुरुष 75 किग्रा राउंड ऑफ 16 विक्रांत बलियान
6:15 AM शूटिंग महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन इलावेनिल, सोनम, विदार्सा
6:15 AM शूटिंग महिला टीम फाइनल भारत
6:30 AM टेेकबॉल महिला एकल कांस्य पदक मुकाबला क्विम्सी बनाम युइना सकामोटो
6:30 AM टेबल टेनिस महिला टीम ग्रुप एफ भारत बनाम इंडोनेशिया
7:00 AM टेेकबॉल मिश्रित युगल कांस्य पदक मुकाबला क्विम्सी/अनस बनाम वियतनाम
7:30 AM हॉकी महिला पूल बी भारत बनाम उज्बेकिस्तान
9:00 AM टेबल टेनिस पुरुष टीम ग्रुप एफ भारत बनाम इंडोनेशिया
10:30 AM क्रिकेट महिला टी20 सेमीफाइनल-2 बांग्लादेश बनाम भारत
11:30 AM हॉकी पुरुष पूल ए भारत बनाम इंडोनेशिया
11:30 AM बैडमिंटन महिला टीम पहला दौर कजाखस्तान बनाम भारत
12:30 PM टेबल टेनिस महिला टीम ग्रुप एफ सिंगापुर बनाम भारत
3:00 PM टेबल टेनिस पुरुष टीम ग्रुप एफ भारत बनाम ईरान
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें