पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान अमर सहरावत कुश्ती विश्व चैंपियनशिप में डेब्यू के लिए तैयार हैं। विश्व चैंपियनशिप के लिए हुए चयन ट्रायल में अमन (57 किग्रा) को कोई खास चुनौती नहीं मिली। क्रोएशिया के जगरेब में अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप 2024 में पेरिस ओलंपिक में कांस्य जीतने के बाद सहरावत का विश्व स्तर का दूसरा टूर्नामेंट होगा।
इस 22 साल के पहलवान ने जून में प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी करते हुए मंगोलिया रैंकिंग सीरीज में कांस्य पदक जीता था। वह हालांकि यहां ट्रायल में मंगोलिया की तुलना में कहीं बेहतर नजर आये। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में सुमित के खिलाफ मात्र एक अंक गंवाने के बाद शुरुआती पीरियड में ही तकनीकी श्रेष्ठता से जीत दर्ज की। उन्होंने फाइनल में राहुल को एकतरफा अंदाज में बिना कोई अंक गवायें तकनीकी श्रेष्ठता से मात दी।
अमन बोले- सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौटा
अमन ने कहा, मुझे लगता है कि मैं अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आया हूं। मेरी फिटनेस अच्छी है और मेरी लय भी वापस आ गई है। मैं विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयार हूं। मैंने मंगोलिया रैंकिंग सीरीज में कुछ गलतियां की थी लेकिन वह एक साल बाद मेरी पहली प्रतियोगिता थी। मुझे लगता है कि मैंने इतना बुरा प्रदर्शन नहीं किया था, मैं एक समय 11-6 से आगे भी चल रहा था, लेकिन मैं उस हार को स्वीकार करता हूं।
दूसरी ओर, सुजीत कलकल ने शानदार कौशल दिखाते हुए सोमवार को पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली। सुजीत ने अनुज (10-0) और विशाल कालीरमन (8-4) के खिलाफ अपने मजबूत रक्षात्मक खेल से प्रभावित किया। वह मुश्किल स्थिति से जवाबी हमला करके अंक बटोरने में सफल रहे। बजरंग पुनिया के हटने के बाद 65 किग्रा में भारतीय पहलवानों का प्रदर्शन लचर रहा है लेकिन सुजीत ने इस प्रदर्शन से उम्मीदें जगा दी है।
दीपक पूनिया ने दबदबा कायम रखा
टोक्यो ओलंपिक में 86 किग्रा में चुनौती पेश करने वाले दीपक पूनिया ने 92 किग्रा के अपने नए भार वर्ग में दबदबा कायम करते हुए विश्व चैंपियनशिप का टिकट कटाया। दीपक ने महज 73 सेकेंड में मंजीत को हराने के बाद हरियाणा के सचिन को परास्त किया। अंडर 20 चैंपियन मुकुल दाहिया भी सीनियर टीम में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने 86 किग्रा में सचिन जगलान और आशीष को एकतरफा अंदाज में हराया। हरियाणा के अमित ने 79 किग्रा में दबदबा कायम किया, जबकि 74 किग्रा में सिर्फ दो पहलवानों के बीच हुए मुकाबले में जगदीप ने जीत दर्ज की। रोहित (70 किग्रा) , उदित (61 किग्रा) विक्की (97 किग्रा) और रजत (125 किग्रा) फ्रीस्टाइल टीम में जगह बनाने वाले अन्य पहलवान थे।