राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन अहमदाबाद में होगा। इस टूर्नामेंट के पहले संस्करण की मेजबानी गुजरात के अहमदाबाद को सौंपी गई है। इस टूर्नामेंट में 13 देश हिस्सा लेंगे।
अहमदाबाद 23 से 31 अक्तूबर तक पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। नौ दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में 13 देश हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ (आईकेएफ) की स्वीकृति से भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ (एकेएफआई) द्वारा आयोजित इस चैंपयिनशिप में 23 टीम और 400 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान 62 मुकाबले होंगे।
विज्ञापन
सुरजीत करेंगे पुरुष टीम की कप्तानी
चैंपियनशिप की औपचारिक घोषणा बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में की गई। भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी सुरजीत सिंह करेंगे, जबकि महिला टीम की कमान निधि शर्मा संभालेंगी। इस प्रतियोगिता में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया, कनाडा, सिंगापुर, मलेशिया, युगांडा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें हिस्सा लेंगी।
कब होगा फाइनल?
दोनों वर्गों के सेमीफाइनल 30 अक्तूबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबले 31 अक्तूबर को होंगे। एकेएफआई के सचिव जितेंद्र प्रण सिंह ठाकुर ने एक बयान में कहा, अहमदाबाद में पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप की मेजबानी करना भारतीय कबड्डी के लिए गर्व का क्षण है।