एड्रियन सूतिल और पाल डी रेस्टा को सहारा फोर्स इंडिया अगले साल के संभावित ड्राइवरों की सूची में शामिल कर सकता है। सहारा फोर्स इंडिया के टीम प्रिंसिपल विजय माल्या इस नवंबर में 2013 के लिए ड्राइवरों के नामों की घोषणा करने वाले थे। लेकिन अब अगले सप्ताह माल्या टीम के ड्राइवरों के नामों की घोषणा कर सकते हैं।
टीम सूत्रों कि माने तो एड्रियन सूतिल और पाल डी रेस्टा के पास फॉर्मूला वन के लिए जरूरी अनुभव है और फिलहाल उनके टीम में शामिल होने की प्रबल संभावना है। हालांकि टीम प्रिंसिपल माल्या कई और ड्राइवरों के नामों पर विचार कर रहे हैं।
सूतिल फोर्स इंडिया के लिए लगातार चार सीजन तक ड्राइवर रह चुके हैं लेकिन मौजूदा साल के शुरू में उनकी जगह जर्मन ड्राइवर निको हल्कनबर्ग को टीम में लिया गया था। हालांकि हल्कनबर्ग बाद में सोबर टीम में चले गए थे। इसके अलावा डी रेस्टा ने भी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और ऐसे में वर्ष 2013 के लिए फोर्स इंडिया में उनकी एंट्री एक बार फिर से संभव दिखाई दे रही है।