अभय सिंह, वीर चोटरानी और तन्वी खन्ना ने बुधवार को एशियन गेम्स की स्क्वाश प्रतियोगिता में अपने-अपने एकल मुकाबलों में आसान जीत दर्ज करके अंतिम 16 में जगह बना ली। दूसरी वरीयता प्राप्त अभय ने पुरुष एकल के शुरुआती दौर के मुकाबले में थाईलैंड के अरकरादेत अरकराहिरुन्या के खिलाफ सिर्फ तीन अंक गंवाए। उन्होंने 11-1, 11-0, 11-2 से जीत दर्ज की।
अनाहत गुरुवार को शुरू करेंगी अभियान
चोटरानी ने अंतिम 32 के मुकाबले में श्रीलंका के शामिल वकील को 11-8, 11-3, 11-3 से हराया। महिला एकल में तन्वी ने शुरुआती दौर में दक्षिण कोरिया की दामी किम को 11-5, 11-7, 11-5 से शिकस्त दी। विश्व रैंकिंग में भारत की सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी 17वें नंबर की अनाहत सिंह गुरुवार को सिंगापुर की ओ यिओंग वाई लिन के खिलाफ अंतिम 16 के मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। पुरुष और महिला एकल के विजेताओं को 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों में सीधे प्रवेश मिलेगा जहां स्क्वाश ओलंपिक में पदार्पण करेगा।
अंकुश पंघाल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
भारत के अमित पंघाल बुधवार को मुक्केबाजी स्पर्धा में सर्वसम्मति से हुए फैसले में जीत के साथ पुरुषों के 80 किलो क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। पहली बार एशियाई खेलों में उतरे 21 वर्ष के राष्ट्रमंडल खेल स्वर्ण पदक विजेता पंघाल ने बहरीन के हमसा वोगेल को अंतिम 16 में 5-0 से हराया। पिछले साल विश्व मुक्केबाजी कप में रजत पदक जीतने वाले अंकुश अब पदक पक्का करने से एक जीत दूर हैं। वह क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेहरूज सालिमोव से खेलेंगे। भारत के चार मुक्केबाजों ने अब तक पहले दौर में शानदार जीत दर्ज की है।
रोहित फाइनल से चूके
भारतीय तैराक रोहित बेनेडिक्टन एशियन गेम्स में पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाय स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश करने में नाकाम रहे। रोहित 53. 08 सेकेंड का समय निकालकर अपनी हीट में चौथे और कुल 13वें स्थान पर रहे। अनुभवी साजन प्रकाश ने शुरुआत नहीं की। शीर्ष आठ तैराक फाइनल में पहुंचे।