इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। तीन राष्ट्रीय खेल संघों के सांसद अध्यक्षों ने आईओए अध्यक्ष पद के लिए इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सांसद अखिलेश दास गुप्ता के मुताबिक उनके अलावा इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के अध्यक्ष सांसद बीपी बैश्या और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह 25 नवंबर को होने वाले चुनाव में चौटाला को समर्थन देंगे।
अखिलेश दास का कहना है कि चौटाला के खिलाफ चुनाव में खड़े होने जा रहे आईओए के सेक्रेटरी जनरल रंधीर सिंह ने कुछ समय पूर्व घोषणा की थी कि वह आईओए की राजनीति से सन्यास ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने आगामी किसी भी चुनाव में नहीं खड़े होने की घोषणा की थी। बावजूद इसके वह चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। उन्हें अपनी घोषणा पर कायम रहना चाहिए।