आईपीएल में बुधवार को दो निर्णायक मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स और पंजाब किंग्स इलेवन के बीच हुआ जिसमें बाजी कोलकाता ने मारी। टूर्नामेंट का पहला क्वालीफायर 1 मुकाबला मंगलवार को होना था लेकिन भारी बारिश के कारण मैच उस दिन नहीं खेला जा सका था।
इसके बाद गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। चेन्नई ने आसानी से यह मैच जीतकर मुंबई को बाहर का रास्ता दिखाया।
इन दोनों मैचों से चार टीमों पर आगे का दांव लगा हुआ था और खिलाड़ियों ने जमकर प्रदर्शन कर अपनी-अपनी टीमों को जीताने का भरसक प्रयास किया। लेकिन पंजाब और मुंबई को हार का सामना करना पड़ा।
टीम इंडिया के बाद KKR के लिए लकी रहे चावला
पिछली बार तक आईपीएल में पंजाब किंग्स इलेवन की ओर से खेलने वाले फिरकी गेंदबाज पीयूष चावला को इस साल टूर्नामेंट से पहले हुई नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया था। कोलकाता को चावला को शामिल करना फायदेमंद साबित हुआ।
पीयूष भले ही टीम इंडिया के नियमित खिलाड़ी न रहे हों लेकिन वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भाग्यशाली खिलाड़ी साबित हुए हैं। भारत ने पिछले 10 सालों में क्रिकेट में 2 वर्ल्ड कप (2007 में टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप) जीते हैं और दोनों ही मौकों पर चावला टीम में शामिल रहे हैं।
इसी तरह चावला के केकेआर से जुड़ते ही टीम फाइनल में पहुंच गई। कोलकाता 3 साल में दूसरी बार फाइनल में पहुंची है लेकिन इस बार जिस तरह से उसने शुरुआत की थी तब ऐसा नहीं लगा था कि केकेआर खिताबी जंग तक पहुंचेंगी।
उथप्पा ने आईपीएल में तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड
तीन साल में दूसरी बार फाइनल में पहुंचने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम के शानदार सफर में उसके सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा का अहम योगदान रहा है।
कोलकाता टीम से जुड़ने वाले उथप्पा ने इस सत्र में बेहद शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की। 15 मैचों में वह 655 रन बना चुके हैं और इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले पायदान पर हैं। जबकि उनके बाद दूसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर ड्वेन स्मिथ (559) हैं।
ऑरेंज कैप धारण करने वाले उथप्पा ने इसके साथ ही आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक रन बनाने का विराट कोहली का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। उथप्पा इस सत्र में अब तक 655 रन बना चुके हैं और उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के कप्तान कोहली के 634 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
रॉबिन उथप्पा के बल्ले ने बनाया एक और रिकॉर्ड
आईपीएल में चमत्कारिक प्रदर्शन कर टीम इंडिया में फिर से वापसी करने वाली रॉबिन उथप्पा ने एक और दिलचस्प रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
आतिशी बल्लेबाजी के लिए विख्यात उथप्पा ने लगातार 10 पारियों में 40 रन या 40 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में 15 मैचों में 11 बार 40 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक भी लगाए हैं। हालांकि एक मैच में वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे।
इसके अलावा उथप्पा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में अन्य बल्लेबाजों से काफी आगे हैं। उन्होंने अब तक 73 चौके लगाए हैं जबकि दूसरे स्थान पर ड्वेन स्मिथ हैं जिन्होंने 50 चौके लगाए।
इनके बल्ले से हर सत्र में निकला 400 से ज्यादा रन
बुधवार को ही मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना ने नाबाद 54 रनों का योगदान दिया। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दम पर उन्होंने एक रिकॉर्ड ही बना दिया।
वह जब 18 रन के निजी स्कोर पर पहुंचे तो उन्होंने इस सत्र में भी 400 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा कर दिखाया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने आईपीएल के हर सत्र में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके साथ ही रैना ने रिकॉर्ड 114 आईपीएल मैचों से 3238 रन बनाए हैं। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी रैना के नाम दर्ज है।
एक ओवर में 3 बल्लेबाजों ने ठोका छक्का
आपने एक ओवर में अक्सर ज्यादा से ज्यादा दो ही बल्लेबाजों को छक्का मारते देखा है पर कभी आपने सोचा है कि कभी 6 गेंद के एक ओवर में 3 बल्लेबाजों ने भी छक्का मारने का दम दिखाया है।
हालांकि बावजूद इसके कि उनकी टीम मैच हार गई। हम बात कर रहे हैं पंजाब किंग्स इलेवन और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच क्वालीफायर मुकाबले के बारे में। इस मैच में 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब टीम के 18वें ओवर में 3 बल्लेबाजों ने छक्का जमाया।
हुआ यूं कि शाकिब अल हसन की दूसरी गेंद पर रिषि धवन छक्का लगाने के बाद अगली गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद चौथी गेंद पर नए बल्लेबाज मिचेल जॉनसन ने छक्का जमाया। पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर जॉनसन ने कप्तान जॉर्ज बैली को मौका दिया और उन्होंने भी अंतिम गेंद पर छक्का ठोक दिया।