मेरा जन्म सामान्य परिवार में हुआ था। 1965 में ग्रेजुएट होने के बाद मैं न्यूयॉर्क स्थित अमेरिकी मर्चेंट मैरिन एकेडमी में शामिल हो गया। 1972 में वियतनाम युद्ध के दौरान मैंने मैरिन कोर के हेलिकॉप्टर गनशिप पायलट के रूप में काम किया, जहां मुझे एयर मेडल अवार्ड मिला। 1974 में मैरिन कोर छोड़ने के बाद मैंने चार वर्षों तक फोटोकॉपी मशीन बेची। फिर मैं खुदरा व्यवसाय उद्योग से जुड़ गया, जिसमें थोड़ी सफलता मिली। फिर मैंने एक अन्य कंपनी शुरू की, जो मात्र पांच वर्षों तक चली।
दिवालिया होने के बाद मैंने लगभग सब कुछ खो दिया, मगर आगे बढ़ने का हौसला बनाए रखा। एक समय तो ऐसा आया, जब मैं बेघर हो गया था और कुछ महीनों तक अपनी पुरानी कार में ही रहता था। फिर मैंने एक शैक्षणिक कंपनी खोली और लोगों को विवेकपूर्ण ढंग से अपना पैसा निवेश करने के लिए सिखाने लगा। इसके बाद फिर मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वित्तीय सलाह से संबंधित मैंने कई पुस्तकें लिखीं, लेकिन सबसे ज्यादा सफल रिच डैड पुअर डैड रही। यह दुनिया भर मे बेस्टसेलर के रूप में प्रशंसित हुई।
मेरा मानना है कि जीवन में सफल होने के लिए हमेशा एक छात्र की तरह सीखते रहना चाहिए। इसके अलावा, उद्यमी जैसी मानसिकता होनी चाहिए। उद्यमियों में एक बात सामान्य होती है। वे किसी भी परिस्थिति में अपने सपनों का पीछा करते रहते हैं। वे नियमों को बदल देते हैं और नए नियम बनाते हैं। सबसे पहले आपको अपना लक्ष्य तय करना चाहिए। फिर ऐसे बुद्धिमान लोगों की तलाश करनी चाहिए, जो सही सलाह दे सकें, सही मार्गदर्शन कर सकें।
यदि आप एक उद्यमी हैं और बड़ा उद्यमी बनना चाहते हैं, तो कानून की डिग्री से ज्यादा महत्वपूर्ण आपके लिए नेतृत्व कौशल और संचार कौशल है। एक उद्यमी के लिए सबसे जरूरी हुनर है नेतृत्व की क्षमता और दूसरों को सुनने की आदत। आपको अपने जीवन में एक आदर्श की तलाश करनी चाहिए, ऐसे व्यक्ति की तलाश, जो आपसे पहले सफल हो चुका है। आपका दिमाग आपकी सबसे बड़ी संपत्ति है, इसलिए अपने दिमाग में चीजों को सावधानीपूर्वक रखिए। आपकी सफलता का आकार आपकी इच्छा की ताकत, आपके सपनों के आकार और नकारात्मक चीजों से निपटने की आपकी क्षमता से मापा जाता है।
रॉबर्ट कियोसाकी