Mata Laxmi Upay: हिंदू धर्म में मां लक्ष्मी धन की देवी माना जाता हैं। मान्यताओं के अनुसार जिन लोगों पर मां लक्ष्मी की कृपा होती है, उनके जीवन में कभी भी धन-धान्य की कमी नहीं होती है। यही वजह है कि माता लक्ष्मी को खुश करने के लिए और उनकी कृपा प्राप्त करने के लोग तरह-तरह के उपाय करते रहते हैं। आज हम आपको माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए कुछ आसान उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका पालन एक आम इंसान भी बहुत आसानी से कर सकता है। इन उपायों को आप सूर्यास्त यानी शाम ढलने के बाद कर सकते हैं। दरअसल, वेदों और शास्त्रों में सूर्यास्त और सूर्योदय के समय को बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है, क्योंकि यह दिन और रात का संधिकाल होता है। इस समय किए गए शुभ कार्य शीघ्र फलदायी और अत्यंत प्रभावकारी माने जाते हैं। ऐसे में आइए इस लेख में शाम के समय में करने वाले तीन उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
तुलसी की पूजा
सनातन धर्म में पेड़ पौधों के आराधना का बहुत महत्व होता है, तुलसी का पौधा भी उनमें से एक है। तुलसी का पौधा माता लक्ष्मी का प्रिय पौधा माना जाता है। सूर्यास्त होते ही तुलसी के पौधे को दीपक जलाकर आराधना करने से माता लक्ष्मी की कृपा बरसती है।
कपूर जलाकर पूजा करें
शाम ढलने के बाद पूजा घर में कपूर जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। सूर्यास्त होते ही घर के मुख्य द्वार पर कपूर जलाएं और माता लक्ष्मी का ध्यान करें।
पूजा घर में दीया जलाएं
शाम के समय में घर में दीपक जलाना अत्यंत ही शुभ माना जाता है, ऐसा करने से घर में माता लक्ष्मी का आगमन होता है। इसलिए सूर्यास्त होते ही पूजा घर में घी या तेल का दीया जलाएं। दीपक को माता लक्ष्मी की मूर्ति या तस्वीर के सामने रखें।
शाम के समय न करें ये काम
- सूरज ढलने के बाद खट्टी चीजें, दूध, नमक और हल्दी आदि का दान नहीं करना चाहिए, इससे मां लक्ष्मी रूठ सकती हैं और आपको आर्थिक संकटों का सामना करना पड़ सकता है।
- शाम के समय घर के द्वार पर झाड़ू नहीं लगाना चाहिए और न ही घर का कूड़ा-कचरा बाहर फेकना चाहिए, मान्यताओं के अनुसार ऐसा करने से घर की लक्ष्मी चली जाती हैं।
- सूर्यास्त के बाद कभी भी घर में अंधेरा नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से घर में नकारात्मक शक्तियों का प्रवाह बढ़ता है, जो घर में कंगाली का कारण बनता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। इस लेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।