देश में कोरोना वायरस का संकट बढ़ता ही जा रहा है। हर दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकारें कोरोना के बढ़ते प्रकोप को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना का कहर जारी है। लेकिन, इसी बीच एक अच्छी खबर आई है, इंदौर के प्रसिद्ध गणेश मंदिर के पुजारी उमेश भट्ट (नानू महाराज) कोरोना को मात देकर पूरी तरह से स्वस्थ होकर अस्पताल से घर आ गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट के भाई उमेश भट्ट (नाना गुरु) की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद खजराना गणेश मंदिर के पुजारी के पूरे परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया था।
पंडित उमेश भट्ट ठीक होने के बाद कोरोना के अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण उन्हें निमोनिया हो गया था। उनका कहना है कि हमारे हर घर में शंख रहता है, हम शंख का रोज पूजन करते हैं पर उसको बजाते नहीं हैं। शंख बजाने से फेफड़े में आक्सीजन जाती है जिससे वह मजबूत होते हैं। पंडित उमेश भट्ट ने सभी से आग्रह किया कि कृपया सभी लोग सुबह-शाम 15 से 20 बार शंख बजाएं या फिर 30 मिनट प्राणायाम जरूर करें।
कोरोना में बुखार आने के बाद निमोनिया होता है, निमोनिया फेफड़े को नुकसान पहुँचाता है। शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है और साँस लेने में परेशानी होती है धीरे धीरे अन्य अंगों पर भी इसका असर होने लगाता है। पंडित उमेश भट्ट के अनुसार मुझे तीन चार दिन आक्सीजन लगाने के बाद हास्पिटल में डॉक्टर ने फेफड़े मजबूत करने के लिए एक खिलौना दिया था जिसमें हर एक दो घण्टे में 15-20 बार फूंक मारकर हवा भरने से उसके अन्दर की तीन गेंद उछलती है।